आगामी निकाय चुनावों को लेकर पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका के 45 वार्डों की आरक्षण लॉटरी सोमवार को संपन्न हो गई। वार्डों की आरक्षण स्थिति सामने आते ही संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कई वार्डों में आरक्षण बदलने से पुराने दावेदारों के समीकरण प्रभावित हुए हैं, वहीं नए चेहरों के लिए चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता खुला है।

लॉटरी में एसटी महिला के लिए वार्ड 41 तथा एसटी सामान्य के लिए वार्ड 6 आरक्षित किया गया। वहीं एससी महिला के लिए वार्ड 9 व 26 तथा एससी सामान्य के लिए वार्ड 16, 22, 30 व 34 निर्धारित हुए हैं। इसी तरह ओबीसी महिला वर्ग में वार्ड 23, 25 व 33 तथा ओबीसी सामान्य वर्ग में वार्ड 3, 5, 10, 27, 31 व 45 आरक्षित किए गए हैं।

सामान्य महिला वर्ग के लिए वार्ड 1, 2, 4, 12, 17, 19, 20, 38 व 44 तय किए गए हैं। जबकि सामान्य वर्ग में वार्ड 7, 8, 11, 13, 14, 15, 18, 21, 24, 28, 29, 32, 35, 36, 37, 39, 40, 42 व 43 रखे गए हैं। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद नगरपालिका क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं।
संभावित प्रत्याशियों ने समर्थकों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। जिन वार्डों में आरक्षण की श्रेणी बदली है, वहां नए दावेदारों की सक्रियता बढ़ी है, जबकि कई पूर्व पार्षदों एवं दावेदारों को अब नए वार्ड और नए राजनीतिक विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं।
अब राजनीतिक दलों के स्तर पर प्रत्याशी चयन और टिकट वितरण को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है। टिकट के दावेदार अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क और समीकरण साधने में जुट गए हैं। ऐसे में आरक्षण लॉटरी के बाद पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका चुनाव का राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है।