News Chakra

न्यूज़ चक्र, बानसूर। प्रेमदास जी महाराज का वार्षिक मेला मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज़ से आए भक्तों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाबा के चरणों में धोक लगाई।

रामपुर में प्रेमदास जी महाराज का मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

गौरतलब है कि प्रेमदास जी महाराज की आसपास के गांवों में गहरी आस्था है। मेले के दिन हर घर में बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित की जाती है और खीर-चूरमे का विशेष भोग अर्पित किया जाता है। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौने और चाट-पकौड़ों की दुकानों ने उत्सव का रंग और गाढ़ा कर दिया।

व्यवस्थाओं में नहीं रही कोई कमी

मेला कमेटी ने संपूर्ण आयोजन की व्यवस्थाओं में कोई कसर नहीं छोड़ी। साफ-सफाई से लेकर ठंडे पानी और सुरक्षा तक की समुचित व्यवस्था रही। ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने सहयोग कर आयोजन को सफल बनाया।

दंगल ने बढ़ाया उत्साह 

शाम को विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें 51 रुपये से लेकर 21 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां कराई गईं। मुख्य आकर्षण रही 21 हजार रुपये की कुश्ती, जो रामवतार मीणा की ओर से करवाई गई। यह मुकाबला टोडीया का बास के पहलवान विकास और मोकलवास के आशु के बीच हुआ। रोमांचक संघर्ष के बाद विकास पहलवान ने बाज़ी मारी और उन्हें 21 हजार रुपये की नकद राशि भेंट की गई।

गणमान्य लोगों ने की शिरकत

कार्यक्रम में सरपंच मुकेश जिलोवा, सबलपुरा सरपंच बिजेंद्र यादव, मेला कमेटी अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, पंचायत समिति सदस्य रामवतार शर्मा, पूर्व सरपंच रघुवीर चौधरी, भाजपा नेता नितिन यादव, उत्तम मीणा और उदय सिंह मीणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। 

श्रद्धा, संस्कृति और खेल की त्रिवेणी बन चुका यह मेला हर वर्ष नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

Categories:
Avatar photo
विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।