
कोटपूतली में अरावली संरक्षण पर कार्यशाला, विद्यार्थियों को समझाया अरावली का महत्व

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। अरावली जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत हमारी अरावली, हमारी जिम्मेदारी कार्यक्रम के तहत श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, नांगल पंडितपुरा में युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों, लेखकों और समाजसेवियों ने अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

गोष्ठी में पर्यावरणविद एवं वरिष्ठ लेखक ज्ञानेंद्र रावत ने कहा कि 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट द्वारा 100 मीटर से कम ऊंचाई वाली पहाड़ियों को अरावली श्रृंखला का हिस्सा न मानने का निर्णय तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब ताकतवर लोग और संस्थाएं प्रकृति की परिभाषा तय करेंगी। यह प्रवृत्ति भविष्य में पर्यावरण और जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
जल यौद्धा डॉ. जगदीश चौधरी ने कहा कि अरावली पर आया नया आदेश क्षेत्र में जल संकट को और गहरा करेगा। अरावली क्षेत्र के वन वर्षा चक्र को संतुलित रखते हैं। यदि अरावली नष्ट हुई तो वर्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और मरुस्थलीकरण की प्रक्रिया तेज होगी।

नदी मामलों के विशेषज्ञ संजय राणा ने कहा कि पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौती से जूझ रहा है। ऐसे समय में अरावली को कमजोर करने वाले निर्णय इस समस्या को और बढ़ाएंगे। पर्यावरणविद राम भरोस मीणा ने कहा कि अरावली न केवल पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखती है, बल्कि मीठे पेयजल की प्रमुख स्रोत भी है। अरावली से ही राजस्थान की कई नदियां अस्तित्व में आई हैं, जो पहले से ही संकट का सामना कर रही हैं। यदि अरावली नष्ट हुई तो प्रदेश की जीवन रेखा समाप्त हो जाएगी।
यमुना संरक्षण से जुड़े दिवान सिंह ने कहा कि अरावली पर हमला मानव जीवन के लिए सबसे बड़ी भूल साबित होगा। समाजसेवी एवं पत्रकार अनिल शरण बंसल ने कोटपूतली क्षेत्र में बिगड़ती वायु गुणवत्ता की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि पिछले एक दशक में यहां की हवा इतनी खराब हुई है कि आने वाले समय में यह दिल्ली से भी अधिक प्रदूषित हो सकती है, जो बेहद चिंताजनक है।
विद्यालय के प्राचार्य प्रीतम सिंह ने छात्रों से आह्वान किया कि वे अरावली के संरक्षण की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज में जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार सहित सभी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संवाद कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।




