कोटपूतली: अपहरण, मारपीट, अश्लील वीडियो… करोड़ों की फिरौती की मांग

प्रॉपर्टी व्यापारी के अपहरण की पुलिस ने खोली परतें, चार गिरफ्तार

कोटपूतली: अपहरण, मारपीट, अश्लील वीडियो... करोड़ों की फिरौती की मांग

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली-बहरोड़। शहर में दिनदहाड़े अपहरण, मारपीट और फिरौती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 12 दिसंबर की है, जब प्रॉपर्टी कारोबारी कैलाश विजयवर्गीय को मंदिर से पूजा कर लौटते समय जबरन अगवा कर लिया गया था।

पीड़ित कैलाश विजयवर्गीय ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वे सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरके विहार कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाहर निकले ही थे कि एक सफेद शिफ्ट कार वहां आकर रुकी। कार में मौजूद बदमाशों ने उन्हें जबरन पकड़कर वाहन में डाल लिया। इसके बाद उन्हें सुनसान रास्तों से होते हुए सुंदरपुरा गांव के आसपास ले जाया गया, जहां रास्ते में उनके साथ मारपीट की गई, जेब से मोबाइल फोन और करीब 400 से 500 रुपये नकद निकाल लिए गए।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित को एक सुनसान तिबारे पर ले जाकर न केवल मारपीट की, बल्कि जबरन आपत्तिजनक हरकतें कीं। इस दौरान एक महिला को भी मौके पर बुलाया गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। बदमाशों ने वीडियो सार्वजनिक न करने के एवज में करोड़ों रुपये की मांग की और रकम जुटाने के लिए 10 दिन का समय दिया। बाद में आरोपी पीड़ित को बोपिया रोड के पास छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटपूतली पुलिस हरकत में आई। थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। लगातार दबिशों और निगरानी के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ विक्का (22), संदीप उर्फ घोलाराम (25), कृष्ण गुर्जर (23) और शेरसिंह (23) शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और वारदात में प्रयुक्त वाहन व अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि मामले का त्वरित खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।

जिला एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने आज प्रेस वार्ता के जरिए मामले का खुलासा किया। इस दौरान घटना का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित व एसपी द्वारा शाबाशी भी दी गई। आमजन ने भी पुलिस की कार्यवाही को प्रशंसनीय बताया है।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।