केशवाना : केमिकल फैक्ट्री में एक के बाद एक फटे दो टैंकर, आसमान में उठ रहा लापरवाही का धुआं

केमिकल से लगी आग पर काबू पाने का केवल दमकल ही सहारा। कंपनियों के पास भी नहीं है फायर फाइटिंग फोम

न्यूज़ चक्र। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के केशवाना इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा हो गया। एरोमेटिक अलाइड कम्पनी में केमिकल से भरे दो टैंकरों में अचानक आग लगने के बाद एक के बाद एक धमाके हो गए। धमाकों के साथ उठीं आग की तेज लपटों और आसमान में फैलते काले धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

केमिकल फैक्ट्री में एक के बाद एक फटे दो टैंकर, आसमान में उठ रहा लापरवाही का धुआं

घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसमान में उठते धुएं को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटपूतली, केशवाना, बहरोड़ समेत आसपास के इलाकों से दमकल की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके की ओर रवाना हो गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार केशवाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एरोमेटिक अलाइड कम्पनी में केमिकल से भरे टैंकरों से तेल को स्टोरेज टैंक में ट्रांसफर किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक टैंकर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दूसरा टैंकर भी इसकी चपेट में आ गया और दोनों में एक के बाद एक जोरदार ब्लास्ट हो गया।

केमिकल फैक्ट्री में एक के बाद एक फटे दो टैंकर, आसमान में उठ रहा लापरवाही का धुआं

धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के कारखानों और कॉलोनियों में भी लोगों में दहशत फैल गई। फैक्ट्री परिसर से उठती आग की ऊंची लपटें और घना धुआं काफी दूर से भी दिखाई दे रहा था।

पुलिस के अनुसार घटना के समय मौके पर दो टैंकर मौजूद थे, जिनमें विस्फोट हुआ। हालांकि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि अभी तक कोई भी फैक्ट्री के अंदर प्रवेश नहीं कर पाया है, इसलिए अंदर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पनियाला थाना पुलिस सहित प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

फायर फाइटिंग फोम की जरूरत हो रही महसूस

केमिकल या पेट्रोल से लगी आग पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन के पास फिलहाल दमकलें ही एकमात्र सहारा हैं। जबकि केमिकल से लगी आग अक्सर पानी डालने से ज्यादा भड़कती हैं। ऐसे में एक्सपर्ट्स का मानना है कि  फायर फाइटिंग फोम ऐसी आगजनी पर काबू पाने के लिए मददगार होता है। पिछले दिनों पावटा में हाईवे पर तेल टैंकर में लगी आग के दौरान भी फायर फाइटिंग फोम की आवश्यकता महसूस हुई थी।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।