कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह द्वारा बुधवार को “ऑपरेशन एंटी-वेनम 2.0” जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशीली दवाओं के सेवन की गंभीर समस्या से बचाना और विशेष रूप से युवाओं को जागरूक करना है।

एसपी सतवीर सिंह ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि परिवारों को भी तोड़ देता है और युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त अभियान के तहत सामुदायिक भागीदारी से नशा पीड़ितों को मुख्यधारा में वापस लाने और जिले को नशा मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिले के प्रत्येक थाने में एक ग्राम पंचायत को नशा मुक्त घोषित करने की दिशा में पुलिस टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर एएसपी नाजिम अली खान, पुलिस निरीक्षक विक्रांत शर्मा, उप निरीक्षक अशोक कुमार सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। छोटे-बड़े सप्लायर से लेकर मुख्य सरगनाओं तक को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही नशा करने वाले लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए भेजा जा रहा है और उनके परिजनों को भी जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना व्हाट्सएप नंबर 9530427856 पर भी दी जा सकती है। साथ ही स्कूलों, सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है, जो शरीर और मस्तिष्क को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ अपराधों को भी बढ़ावा देता है। ऐसे में सभी को मिलकर नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आना होगा।


