कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित उप-निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर प्रतियोगी परीक्षा-2025 जिले में कड़ी सुरक्षा, सख्त अनुशासन और उच्च स्तरीय पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। 05 व 06 अप्रैल को आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जिले के 23 परीक्षा केन्द्रों पर चार पारियों में हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम ओमप्रकाश सहारण के अनुसार प्रथम पारी में 7796 में से 4827, द्वितीय पारी में 4807, तृतीय पारी में 7797 में से 5170 तथा चतुर्थ पारी में 5139 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। पावटा उपखंड में 5, बहरोड़ में 6 तथा जिला मुख्यालय कोटपूतली-बहरोड़ में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए।

जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता और जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी की। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए।

परीक्षा को नकलमुक्त बनाए रखने के लिए प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया। ड्रोन कैमरों, एचएचएमडी, डीएफएमडी, सीसीटीवी कैमरों और एसओजी की तकनीकी टीमों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में 23 अधिकारियों की विशेष टीम, तीन सतर्कता दल तथा सादा वेश में खुफिया कर्मियों को तैनात किया गया।

03 से 06 अप्रैल तक जिले में लगातार गश्त, नाकाबंदी और होटल, धर्मशालाओं व साइबर कैफे की गहन जांच की गई। इस सख्ती के चलते किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि सामने नहीं आई और परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और चिकित्सा सहायता जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। प्रश्न पत्रों का वितरण सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी के बीच किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रही।

परीक्षा में निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन कराया गया। पुरुष अभ्यर्थियों को साधारण परिधान व चप्पल में, जबकि महिला अभ्यर्थियों को भी सीमित वस्त्रों में ही प्रवेश दिया गया। जूते, घड़ी, आभूषण, बैग सहित अन्य वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।

पूरे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न होने पर जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने प्रशासन, पुलिस बल एवं आमजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ भविष्य में भी बड़े आयोजनों को सफल बनाया जाएगा।




