न्यूज़ चक्र, शाहपुरा। शाहपुरा हाईवे पर सारण धर्म कांटे के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गलत दिशा से आ रही एक निजी बस ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शाहपुरा के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतकों की पहचान बाबूलाल शाहपुरा और कानाराम, निवासी मेड़ के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण बस का गलत दिशा में आना बताया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।