अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के दिशा-निर्देशानुसार मंगलवार को कोटपूतली जिला मुख्यालय पर कांग्रेस की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसआईआर, मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और निकाय चुनाव से जुड़े आरोपों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम की शुरुआत नगर परिषद पार्क स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने सभा से हुई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा तथा मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी रखी गई। देशभर में कांग्रेस द्वारा SIR और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने धरने को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। गुर्जर ने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सके, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR तथा मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि SIR की आड़ में वोटों की चोरी और स्थानीय नगर निकाय चुनावों में डबल इंजन की भ्रष्ट सरकार की बेईमानी के खिलाफ आम जनता और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है। गुर्जर ने चेतावनी दी कि जनता के वोट पर डाका डालने वालों के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लड़ेगी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाणा, मुंडावर विधायक ललित यादव, बहरोड़ से कांग्रेस प्रत्याशी रहे संजय यादव तथा डॉ. आरसी यादव ने भी सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर बेहद गंभीर आरोप लगाये। कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भारत के साथ देशद्रोह किया है, उन्हें तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाना चाहियें।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त भाजपा और आरएसएस के एजेंट बनकर लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं और जनादेश को लूट रहे हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और उन्हें महाभियोग का सामना करना ही होगा। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर पैदल मार्च किया। कार्यालय के सामने पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आगे बढ़ने को लेकर कहासुनी एवं धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों, एसआईआर प्रक्रिया, निकाय चुनाव से जुड़े आरोपों तथा मतदाताओं के अधिकारों से संबंधित मुद्दों को उठाते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस जिला महासचिव अजय सैनी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आमजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाता अधिकारों और जनादेश से जुड़े मामलों को लगातार उठाती रहेगी।

जिला प्रवक्ता वीके नवल के अनुसार प्रदर्शन में पीसीसी महासचिव देव कसाणा, पीसीसी सचिव जगदीश मीणा, पूर्व युवा कांग्रेस सचिव भीम पटेल, प्रधान सुमन यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष मानवाधिकार एवं आरटीआई रमेश गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष किसान कांग्रेस बाबूलाल कसाणा, पीसीसी महासचिव चिकित्सा प्रकोष्ठ डॉ. अभिलाष मीणा, प्रदेश सरपंच संघ उपाध्यक्ष जगमाल सिंह यादव, कन्हैया लाल सराधना, छीतर रावत, रामनिवास यादव, कर्मचारी नेता मूलचंद गुर्जर काली पहाड़ी, गोकुल आर्य, रोशन लाल धनकड़, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सावंत गुर्जर, कृष्ण सूद, छोटे लाल सामरिया, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजू रावत, जिला उपाध्यक्ष अशोक मुदगल, अंजना महिपाल यादव, प्रदीप यादव, डॉ. धर्मपाल रावत, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मुन्नानुदीन कुरैशी, जिलाध्यक्ष एसटी जगदीश मीणा, जिलाध्यक्ष एससी तारा पूतली, जिलाध्यक्ष कच्ची बस्ती रोहतास बसीठिया, कार्यकारी जिलाध्यक्ष एससी सतीश मांडेया, जिलाध्यक्ष सहकारिता विभाग संतोष सैनी विराटनगर, जिलाध्यक्ष आभाव अभियोग रामस्वरूप अधाना, जिलाध्यक्ष एनएसयूआई जितेंद्र आर्य, जिला सोशल मीडिया प्रभारी रामस्वरूप मुक्कड़, राजीव डेहरवाल, जगदीश मेघवाल, मदनलाल वर्मा, बदलूराम आर्य सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।