कस्बे में उड़ान टीम जन सेवा समिति के तत्वावधान में राधारानी हॉस्पिटल पावटा में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए देश के वीर जवानों की पावन स्मृति में सोमवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता राहुल बायलान ने की।

इस अवसर पर वर्ष 2019 में 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद हुए सैनिकों को दीप प्रज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

समाजसेवी गोपाल अग्रवाल ने कहा कि देश के वीर सपूतों की स्मृति में युवाओं द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना की। डॉ. केशव एवं डॉ. श्वेता स्वामी ने कहा कि पुलवामा हमले में देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उड़ान टीम जन सेवा समिति के संयोजक हरिद्वारी लाल स्वामी ने कहा कि युवाओं का रक्त सदैव समाज और राष्ट्र के काम आता है। हमें शहीदों के त्याग से प्रेरणा लेकर सेवा कार्यों में आगे बढ़ना चाहिए।

शिविर में कुल 55 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस अवसर पर एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद चौहान, शिक्षाविद जी.एल. यादव, समाजसेवी सुरेन्द्र यादव, युवा नेता अमन खोजा, रोहिताश ताखर, गौ सेवक नीरज सैन, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मसिंह भैंसलाना सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मनोज कुमार, सुभाष स्वामी, कमल जाट, राकेश स्वामी, दिनेश कुमार, देवेंद्र स्वामी, मनीष स्वामी, महेश कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


