पंचायत राज चुनाव 2026 में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कारोली में जिला स्तरीय स्वीप कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान का महत्व समझाया तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी कोटपूतली-बहरोड़ एवं जिला नोडल स्वीप प्रभारी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने जागरूकता नारे लगाए, रैली निकाली और रंगोली बनाकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के ईएलसी प्रभारी एवं व्याख्याता सुरेश कुमार यादव ने स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं को मतदान करने तथा नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी मतदाताओं से निर्भीक, स्वतंत्र और भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मत की महत्ता बताते हुए जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी और सैकड़ों मतदाता शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धर्मवीर जिंदोलिया, पंचायत समिति पावटा की विकास अधिकारी नीलू मीना, सहायक विकास अधिकारी विजेंद्र यादव, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी साधुराम एवं गेंदालाल, ग्राम पंचायत कारोली के वीडीओ बाबूलाल यादव तथा अध्यापक नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।