पुलिस थाना विराटनगर ने गालावास माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को डिटेन किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र के कई स्थानों पर मंदिरों व अन्य प्रतिष्ठानों में नकबजनी की वारदात करना स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देशन में चोरी व नकबजनी की वारदातों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली नाजिम अली खान आरपीएस के निर्देशन एवं विराटनगर वृत्ताधिकारी उमेश कुमार निठारवाल आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी बाबूलाल मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

16 मई 2026 को गालावास माता मंदिर से अज्ञात बदमाश तीन चांदी के छत्र चोरी कर ले गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने विराटनगर थाना क्षेत्र के मैड़ क्षेत्र से दो बाल अपचारियों को डिटेन किया तथा बिलवाड़ी से आशिफ खान (26) पुत्र रियाज मोहम्मद निवासी मुसलमानों का मोहल्ला, वार्ड नंबर 4, नवरंगपुरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीनों चांदी के छत्र बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार आरोपी और बाल अपचारियों ने मैड़, पालड़ी, सेवरा की ढाणी, पापड़ा, कुहाड़ा और नवरंगपुरा में मंदिरों तथा मिस्त्री की दुकान-बिल्डिंग में चोरी करने की वारदातें स्वीकार की हैं। इसके अलावा थाना मनोहरपुर क्षेत्र के खोरा स्थित मंदिर में भी चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस इन वारदातों के संबंध में आगे जांच कर रही है।
थानाधिकारी बाबूलाल मीणा, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार लाम्बा, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार नंबर 138, कांस्टेबल राजकुमार नंबर 845, राजेश कुमार नंबर 832, बाबुलाल नंबर 529 एवं अभिमन्यु सिंह नंबर 478 शामिल रहे। नकबजनी की वारदात का खुलासा करने में कांस्टेबल राजेश कुमार नंबर 832 की विशेष भूमिका रही।