पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका में सोमवार को हुए चेयरमैन पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीना सैनी पत्नी अजय सैनी ने भाजपा की मंजू अग्रवाल को 7 मतों से हराकर चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की। मीना सैनी को 25 और मंजू अग्रवाल को 18 वोट मिले। 45 निर्वाचित पार्षदों में से 43 ने मतदान किया, जबकि दो अनुपस्थित रहे।

नगरपालिका के 45 वार्डों में कांग्रेस के 22, भाजपा के 16 और निर्दलीयों के 7 पार्षद निर्वाचित हुए थे। बहुमत के लिए 23 वोट जरूरी थे। कांग्रेस को 25 मत मिलने के साथ ही उसने बहुमत का आंकड़ा पार कर बोर्ड गठन की स्थिति अपने पक्ष में कर ली।

नवनिर्वाचित चेयरमैन मीना सैनी प्रागपुरा निवासी कैलाश चंद सैनी (बिड़ला) की पुत्रवधू और कांग्रेस जिला महासचिव अजय सैनी की पत्नी हैं। उनकी सास मामली देवी प्रागपुरा में तीन बार सरपंच रह चुकी हैं। परिवार लंबे समय से क्षेत्र की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है।

जीत के बाद मीना सैनी ने कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्द्रराज गुर्जर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पावटा-प्रागपुरा की समस्त जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा तथा नगरपालिका क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।

चुनाव के दौरान राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पावटा स्थित मतदान केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। बैरिकेडिंग और भारी पुलिस जाब्ते के बीच मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष इन्द्रराज गुर्जर तथा विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस ने प्रवेश और बैरिकेडिंग व्यवस्था पर आपत्ति जताई, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली।

मतदान सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक हुआ। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और नवनिर्वाचित चेयरमैन को बधाई दी। अब 22 सितंबर को होने वाले उप चेयरमैन पद के चुनाव पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
