नगर पालिका के वार्ड संख्या 42 से भाजपा प्रत्याशी रजनी गोयल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मनीष कुमार बृजेश को 105 मतों के अंतर से पराजित किया। रजनी गोयल को 169 मत, जबकि मनीष कुमार बृजेश को 64 मत प्राप्त हुए। रजनी गोयल की इस जीत के साथ ही क्षेत्र में गोयल परिवार की राजनीतिक सक्रियता को नई पहचान मिली है।

रजनी गोयल के पति एवं पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल प्रागपुरा क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे वर्ष 2005 से 2010 तक भाजपा से जिला पार्षद रह चुके हैं। ललित गोयल के अनुसार जिला पार्षद के चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को चार हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की थी।

अब उनकी पत्नी रजनी गोयल ने भाजपा के टिकट पर वार्ड 42 से चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की है। वार्ड में कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन रजनी गोयल ने सर्वाधिक 169 मत हासिल करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 105 मतों से पीछे छोड़ दिया।
रजनी गोयल की जीत के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी। उनकी जीत को परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ रजनी गोयल की अपनी नई राजनीतिक जिम्मेदारी की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। सामान्य वार्ड 42 से निर्वाचित रजनी गोयल अब नगर पालिका में वार्ड का प्रतिनिधित्व करेंगी।