दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया गठबंधन के सांसदों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कोटपूतली जिला मुख्यालय पर काला दिवस मनाते हुए प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं जिलाध्यक्ष इंद्राज सिंह गुर्जर के निर्देशानुसार किया गया।

पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश चंद सैनी एवं एडवोकेट सतीश निमोरिया की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद पार्क से अग्रसेन तिराहे होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल रोष मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।

रामस्वरूप कसाना ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे पर आवाज उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने से लोगों के मताधिकार पर सवाल खड़े हुए हैं। कसाना ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चंद सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है। विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरोध को दबाने के बजाय सरकार को उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।

एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तारा पूतली ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल सीधे आम नागरिक के अधिकारों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता के अधिकार और उसकी भागीदारी सुनिश्चित होना जरूरी है।

एडवोकेट सतीश निमोरिया ने कहा कि संविधान नागरिकों को शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय लोकतांत्रिक संवाद के माध्यम से उठ रहे मुद्दों का समाधान किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के साथ दिल्ली में हुई कार्रवाई के विरोध में देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे सहित चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक रामचन्द्र रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव भीम पटेल, डॉ. अभिलाष मीणा, ब्लॉक प्रभारी डॉ. धर्मपाल रावत, जगमाल सिंह यादव, मालीराम कसाना, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष मुनानुद्दीन कुरैशी, पर्यावरण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह लीडर, पार्षद रवि यादव, हनुमान सैनी, गोकुल चंद आर्य, रमेश जिंदल, पूर्णसिंह तंवर, कमल मीणा, रतिराम यादव, शीशराम डोई, पूर्व सरपंच राजेंद्र गुर्जर मोलाहेड़ा, सुभाष भारद्वाज, पूर्व पार्षद सुंदर सैनी, नीरज नैनावत, पवन सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।