भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में पावटा निवासी राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में बुधवार को दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय में पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने राजेश मंगल से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान ललित गोयल ने राजेश मंगल को गजरे की माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पावटा के राजेश मंगल का भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंचना क्षेत्र के लिए उल्लेखनीय अवसर है। राजेश मंगल प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. के.के. मंगल के छोटे भाई हैं।

राजेश मंगल का संगठनात्मक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने भाजपा के सीए प्रकोष्ठ से अपनी संगठनात्मक भूमिका शुरू करने के बाद युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष के रूप में अब उन्हें संगठन के वित्तीय कार्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व मिला है।
अभिनंदन के दौरान राजेश मंगल ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जो विश्वास जताते हुए जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर दिल्ली के युवा उद्योगपति हरीश गोयल, अमित गुप्ता, संदीप गोयल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने राजेश मंगल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।