पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक सोमवार को कस्बे के पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुई। बैठक के दौरान वार्ड संख्या 3 के नवनिर्वाचित पार्षद विनोद यादव ने अपने वार्ड ललाना सहित आसपास की ढाणियों में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष मीना देवी और अधिशासी अधिकारी फत्तेह सिंह मीणा को ज्ञापन सौंपकर लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने की मांग की।

पार्षद विनोद यादव ने बताया कि क्षेत्र की कई समस्याएं पिछले तीन वर्षों से लंबित हैं, जिनका समाधान आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक है। उन्होंने जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था, रोड लाइट की कमी और अतिक्रमण सहित 12 बिंदुओं पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

ज्ञापन में ललाना गांव में ठाकुरजी के मंदिर के सामने, होली चौक स्थित ब्राह्मण मोहल्ले तथा एमडीआर रोड पर गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग पर जलभराव की समस्या का उल्लेख किया गया। पार्षद ने पानी की निकासी की व्यवस्था कर सड़क निर्माण कराने की मांग की। इसके अलावा ललाना मुख्य गांव से श्मशान चौराहे तक प्रस्तावित सीसी सड़क का काम शुरू करवाने की मांग भी रखी। ज्ञापन के अनुसार, इस सड़क का उद्घाटन विधायक की ओर से 12 अगस्त 2026 को किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है।

एमडीआर रोड पर एमएम स्कूल से माजूकोट मुख्य चौराहे तक सड़क के दोनों ओर उगी कंटीली झाड़ियों और अनावश्यक पेड़ों को हटाने तथा कचरे की सफाई कराने की मांग की गई। साथ ही पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनाकर टाइल्स लगाने का सुझाव दिया गया। अधिवक्ता छाजूराम स्वामी के मकान से संस्कृत स्कूल बागडाला तक रोड लाइट लगवाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
ज्ञापन में भजनदास वाली स्वामियों की ढाणी में बंदरों के बढ़ते आतंक से लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और दुधारू पशुओं को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया गया। पार्षद ने बंदरों को पकड़कर आबादी से दूर छोड़ने की मांग की। वहीं, ढाणी चुराला में प्रकाश सैनी और रामजीलाल स्वामी के मकान से एमडीआर रोड तक तथा मोहन नौनागा के मकान से श्रीराम स्वामी तक सीसी सड़क निर्माण, अतिक्रमण हटाने और रोड लाइट लगाने की मांग की गई।
ललाना गांव में पेयजल पाइपलाइन की लीकेज दूर करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नालियों का निर्माण तथा अनोखी शर्मा, सुरेश सैनी और मंगल स्वामी की कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन बिछाकर सीसी सड़क बनाने की मांग भी रखी गई। ढाणी नौकड़ाया में सफाई, सड़क निर्माण, रोड लाइट और मुख्य मार्ग पर संकेतक लगाने की आवश्यकता बताई गई।
पार्षद ने ललाना के आबादी क्षेत्र में सरदार मल सैनी के मकान के पीछे, संदीप बावरिया के मकान के पास तथा रघुवीर धानका के मकान के निकट शिव मंदिर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ब्रेकर बनवाने की मांग की। इसके साथ ही गांव की आबादी में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाने तथा पूरे आबादी क्षेत्र में नियमित सफाई करवाने की मांग की गई। उन्होंने नरेगा श्रमिकों को सफाई कार्य में नियोजित करने का सुझाव भी दिया।
पार्षद विनोद यादव ने नगरपालिका प्रशासन से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को सड़क, पेयजल, सफाई और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं मिल सकें।