पावटा कस्बे के वार्ड नंबर 19 में एचडीएफसी बैंक के पास मुख्य बाजार स्थित बर्तन की दुकान पर शनिवार को फोन-पे से भुगतान करने का झांसा देकर एल्यूमिनियम का बड़ा भगोना लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। दुकानदार ताराचंद टेलर ने प्रागपुरा पुलिस थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच करवाने की बात कही है। परिवादी के अनुसार, घटना के समय उसकी भतीजी शालिनी टांक दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने और कंधे पर सफेद तौलिया डाले एक व्यक्ति पुरानी मोटरसाइकिल पर आया। उसने 9.870 किलोग्राम वजन का एल्यूमिनियम का भगोना दिखाने और वजन करवाने के बाद फोन-पे से भुगतान करने की बात कही

इसके बाद वह भगोना लेकर मोटरसाइकिल से पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गया। भगोने की कीमत करीब 4200 रुपए बताई गई है। दुकानदार पक्ष ने आवाज लगाकर आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। घटना के सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध व्यक्ति भगोना लेकर जाता नजर आ रहा है। परिवादी ने पुलिस से मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।