5 दिन पहले खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते बेहोश हुआ था किसान, बीती रात अस्पताल में ली अंतिम सांस

न्यूज़ चक्र, बानसूर, 22 अप्रैल। भूपसेड़ा गांव में खेत में मेहनत कर रहे एक किसान परिवार के सपनों को गहरा आघात पहुंचा है। महिपाल यादव पुत्र बलवीर यादव, जो 18 अप्रैल को खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते वक्त बेहोश हो गए थे, उनकी उपचार के दौरान निम्स हॉस्पिटल में बीती रात मौत हो गई। महिपाल की असामयिक मृत्यु ने न केवल परिवार को गम में डुबो दिया है, बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।

5 दिन पहले खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते बेहोश हुआ था किसान, बीती रात अस्पताल में ली अंतिम सांस

घटना के अनुसार, महिपाल यादव खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह वहीं गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल उन्हें बानसूर से जयपुर स्थित निम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां लगातार इलाज चल रहा था। लेकिन चार दिन की लगातार कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। 

महिपाल का सपना था कि वह आधुनिक खेती के माध्यम से अपने गांव और परिवार को नई दिशा दे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। 

शव को अस्पताल से बानसूर मोर्चरी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद ‘रोटी बैंक’ की निःशुल्क एंबुलेंस सेवा ने शव को उनके पैतृक गांव पहुंचाया। पूरे गांव में माहौल गमगीन है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि खेतों में प्रयोग की जाने वाली जहरीली दवाओं के सुरक्षित उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।