कोटपूतली: सफर से पहले मौत से सामना, बे’बस यात्री

कोटपूतली में बस स्टैंड नहीं: यात्री असहाय, हर रोज़ मंडराता है जान का खतरा

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। कोटपूतली जिले का कोटपूतली शहर, जो व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों में लगातार आगे बढ़ रहा है, आज एक बुनियादी सुविधा से वंचित है। यहां के नागरिकों और यात्रियों को आज भी एक सुव्यवस्थित बस स्टैंड न होने की भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। सुबह से शाम तक, सैकड़ों यात्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर बसों का इंतजार करते नजर आते हैं। धूप हो या बारिश, कोई छांव नहीं, कोई सुरक्षित स्थान नहीं। केवल उम्मीद होती है कि अगली बस रुके और वे उसमें सुरक्षित चढ़ सकें।

हाईवे पार करते यात्री
हाईवे पार करते यात्री

सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को होती है, जो पैदल चलकर हाईवे तक पहुंचते हैं। वहां उन्हें तेज रफ्तार से गुजरते वाहनों के बीच खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। कई बार बसें रुकती ही नहीं, और अगर रुकती भी हैं तो बीच सड़क में। यात्री दौड़कर बस में चढ़ने की कोशिश करते हैं, जिससे गिरने या दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा हमेशा बना रहता है।

हाईवे पर टैक्सियों से बढ़ रहा खतरा

इस अव्यवस्था को और गंभीर बना देती है हाईवे किनारे खड़ी टैक्सियां और अन्य निजी वाहन। खासकर सांवरिया और दीवान होटल के सामने अवैध टैक्सी स्टैंड यात्रियों और राहगीरों के लिए एक स्थायी खतरा बन चुका है। कई बार इन जगहों पर हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान अब तक नहीं निकला है।

हाईवे पर सवारियां बिठाते टैक्सी
हाईवे पर सवारियां बिठाते टैक्सी

4-6 ट्रैफिक कर्मी रहते हैं मौजूद

हैरानी की बात यह है कि इस क्षेत्र में अक्सर 4 से 6 यातायात कर्मी मौजूद रहते हैं, लेकिन फिर भी न तो टैक्सियों पर नियंत्रण होता है और न ही बसों की अनियंत्रित आवाजाही पर कोई निगरानी। यह न केवल यातायात व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि आम नागरिकों की जान की कीमत को लेकर शासन की उदासीनता भी दिखाता है।

स्थानीय लोगों की पीड़ा अब असहनीय हो चुकी है। कई बार प्रशासन से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। एक ऐसा शहर जो तेजी से प्रगति कर रहा है, वहां के नागरिकों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।

कोटपूतली: सफर से पहले मौत से सामना, बे'बस यात्री

अब समय आ गया है कि कोटपूतली के लिए एक सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बस स्टैंड की दिशा में ठोस कदम उठाया जाए। साथ ही टैक्सियों की अवैध पार्किंग को हटाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। क्योंकि जब तक व्यवस्था नहीं सुधरेगी, तब तक कोटपूतली के नागरिकों की यात्रा हर रोज़ एक जोखिम बनी रहेगी। और हर दिन यही डर बना रहेगा कि अगला हादसा किसका इंतज़ार कर रहा है।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।