कोटपूतली में ट्रांसपोर्ट व्यापारी का अपहरण, पुलिस की मुस्तैदी देख व्यापारी को सड़क पर छोड़ भागे आरोपी

कोटपूतली के डेंटल कॉलेज के समीप की घटना, पुलिस की मुस्तैदी की हो रही तारीफ

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। शहर में सोमवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब कार सवार करीब दस अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रांसपोर्ट व्यापारी का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। बदमाश पहले व्यापारी के ऑफिस में घुसे, जमकर तोड़फोड़ की और फिर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है।

कोटपूतली में ट्रांसपोर्ट व्यापारी का अपहरण, पुलिस की मुस्तैदी देख व्यापारी को सड़क पर छोड़ भागे आरोपी
व्यापारी के दफ्तर में की गई तोड़फोड़

घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। स्थान डेंटल कॉलेज के पास स्थित खेमजी मोटर्स का कार्यालय है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कई युवक कारों से उतरे, ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ की और व्यापारी को घसीटते हुए बाहर ले गए। कुछ ही मिनटों में बदमाश मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही कोटपूतली पुलिस हरकत में आई। पूरे जिले में नाकाबंदी कराई गई और तकनीकी सहायता के जरिए बदमाशों की तलाश शुरू की गई। पुलिस की सख्त घेराबंदी के चलते आरोपी व्यापारी को मोरदा के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़ित को सुरक्षित बरामद कर कोटपूतली थाने पहुंचाया।

कोटपूतली में ट्रांसपोर्ट व्यापारी का अपहरण, पुलिस की मुस्तैदी देख व्यापारी को सड़क पर छोड़ भागे आरोपी

अपहृत व्यापारी की पहचान भीम सिंह शेखावत के रूप में हुई है। वे दारापुर गांव, राजनोता क्षेत्र के निवासी हैं और कोटपूतली में खेमजी मोटर्स के नाम से ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय संचालित करते हैं।

कोटपूतली थाना अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला रुपये के आपसी लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।