राजकीय महाविद्यालय पावटा के छात्रनेता सौरभ चौधरी के नेतृत्व में छात्रों ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी साधना शर्मा को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं उच्च शिक्षा मंत्री व उपमुख्यमंत्री प्रेमचन्द बैरवा के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करवाने की मांग की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रतिवर्ष होने वाले छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली सीढ़ी होते हैं। पूर्व में विधानसभा चुनावों के कारण इन्हें स्थगित किया गया था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में चुनाव करवाना आवश्यक है।
सौरभ चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं और युवाओं की सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को मजबूत बनाते हैं, जिससे लोकतांत्रिक परंपराएं सशक्त होती हैं।
इस दौरान साहिल कुलदीप, राहुल सैनी, मोहित यादव, रोहित कुमार, उमेश वर्मा, सचिन कुमार सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।



