कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली नगरपरिषद क्षेत्र के अग्रसेन भवन में रविवार को अग्रवाल समाज समिति कोटपूतली एवं वेल्टन हॉस्पिटल दुर्गापुरा जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण एवं फिजियोथैरेपी पर विशेष चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रभर से आए मरीजों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. संदीप यादव व डॉ. विक्रांत कटारिया तथा फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. पीयूष शर्मा ने अपनी टीम के साथ घुटनों के दर्द, गठिया एवं अन्य जोड़ों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की। विशेषज्ञों ने रोबोटिक तकनीक से घुटना प्रत्यारोपण की आधुनिक पद्धति, उसकी सटीकता, कम दर्द और शीघ्र रिकवरी जैसे लाभों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ऑपरेशन के बाद आवश्यक फिजियोथैरेपी, नियमित व्यायाम, खानपान व सावधानियों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मीडिया प्रभारी हेमन्त मोरीजावाला ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को बड़े शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय रहते सही उपचार मिल सके। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. संदीप यादव एवं अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष एडवोकेट योगेश शरण बंसल ने शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

इस चिकित्सा शिविर में कुल 208 मरीजों ने पंजीकरण कर लाभ उठाया। समापन अवसर पर अग्रवाल समाज समिति के पदाधिकारियों ने चिकित्सक दल का आभार व्यक्त किया। इस दौरान महामंत्री नितेश बंसल, अमरनाथ बंसल, डॉ. वासुदेव गुप्ता, अशोक बंसल, दीपक ततारपुरिया, हरिनारायण मोरीजावाला, समाजसेवी महेश मीणा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रवीण बंसल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




