कोटपूतली-बहरोड़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना प्रागपुरा ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 41 किलो 627 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली नाजिम अली खान के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी विराटनगर उमेश निठारवाल (RPS) के निर्देशन में थाना प्रागपुरा के थानाधिकारी भजनाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। एसपी बिश्नोई के निर्देशानुसार गठित टीम ने डीएसटी से प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 41 किलो 627 ग्राम डोडा पोस्त चूरा जब्त किया।
पुलिस ने मौके से रामकुंवार स्वामी पुत्र भंवर राम, उम्र 42 वर्ष, निवासी ढाणी रामसागर तन भूरी भड़ाज, थाना प्रागपुरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण संख्या 74/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किस नेटवर्क के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई कर रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थानाधिकारी भजनाराम की सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के चलते थाना प्रागपुरा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम सजगता और तत्परता से कार्य कर रही है, जिससे अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास का वातावरण बना है।
इस कार्रवाई में डीएसटी जिला कोटपूतली-बहरोड़ के कांस्टेबल धर्मेन्द्र (587) का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।



