प्रदेशभर के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का आगाज 25 नवंबर से होने जा रहा है। परीक्षाएं 12 दिसंबर तक आयोजित होंगी। राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न करवाने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से उन्हें संबंधित क्षेत्रों के नजदीकी पुलिस थानों एवं चौकियों में सुरक्षित रखवाया गया है। इनकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे निगरानी के साथ रात्रिकालीन पहरे की व्यवस्था भी की गई है।

इसी क्रम में पावटा ब्लॉक के विद्यालयों के प्रश्नपत्र प्रागपुरा पुलिस थाने में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाए गए हैं। प्रागपुरा स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने बताया कि परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय के अनुसार सुरक्षा एवं निर्धारित नियमों की पालना करते हुए केंद्राधीक्षकों को प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो सकें।