पंचायत समिति पावटा के दो निर्वाचन क्षेत्रों में पुनर्मतदान के बाद आए नतीजों ने कांग्रेस खेमे में उत्साह भर दिया। वार्ड संख्या 06 और 11 में कांग्रेस प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया। रविवार देर रात घोषित चुनाव परिणामों में वार्ड 06 से तोफली देवी और वार्ड 11 से बीना देवी ने जीत का परचम लहराया।

चुनाव परिणाम के मुताबिक वार्ड संख्या 06 में कांग्रेस की तोफली देवी पत्नी राजेन्द्र प्रसाद स्वामी को 1787 मत मिले। उन्होंने भाजपा की संजीवनी को 191 मतों से हराया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 11 में कांग्रेस प्रत्याशी बीना देवी पत्नी विजय यादव ने 1198 मत प्राप्त किए और निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद यादव को 348 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। दोनों सीटों पर कांग्रेस की जीत के बाद समर्थकों में जश्न और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

दरअसल, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के बूथों पर ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते चुनाव परिणामों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ नंबर 30 और निर्वाचन क्षेत्र संख्या 11 के बूथ नंबर 39 पर 20 नवंबर को मतगणना के दौरान मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण मतों का पूरा विवरण प्रदर्शित नहीं हुआ था। जांच में सामने आया कि अप्रदर्शित मतों की संख्या प्रत्याशियों के बीच जीत के अंतर से अधिक थी।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48 ए के तहत दोनों बूथों का मतदान निरस्त कर 22 नवंबर को दोबारा मतदान करवाने का निर्णय लिया। आयोग के निर्देशों की पालना में रविवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया गया। मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाते हुए उत्साह के साथ मतदान किया।
मतदान समाप्त होने के बाद रविवार रात 9 बजे पावटा एसडीएम कार्यालय में मतगणना प्रारंभ की गई। चुनाव शाखा प्रभारी सत्यदेव यादव ने मतगणना प्रक्रिया पूरी होने पर दोनों वार्डों के परिणाम घोषित किए। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम बृजेश कुमार के अनुसार पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और मतगणना के पश्चात दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत की पुष्टि हुई।