पावटा उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम पंचायत कैरोडी से टीम केवाईसी (कैरोडी यूथ क्लब) के तत्वावधान में मंगलवार को खाटू श्याम जी के दर्शनार्थ तृतीय पदयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ रवाना हुई। यात्रा का शुभारंभ गांव स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं निशान पूजन के साथ किया गया।

पीएनबी बैंक मैनेजर हंसराज सिंह, वीरेंद्र सिंह एवं पवन सिंह ने श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर एवं ध्वज प्रदान कर पदयात्रा को रवाना किया। इस दौरान वातावरण श्याम बाबा की जय जयकार और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हो उठा। ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए खाटू श्याम जी मंदिर के लिए प्रस्थान कर गए।

टीम KYC के सदस्य विकास सिंह शेखावत, सुनील सिंह शेखावत, सुरेंद्र सिंह शेखावत, प्रकाश सिंह शेखावत, युवराज सिंह शेखावत, समय सिंह शेखावत, सचिन सिंह शेखावत, सतवीर सिंह, जोगेंद्र सिंह राठौड़, धर्मेंद्र सिंह शेखावत, मुकेश सिंह तंवर, जतन सिंह, रोहित सिंह, विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीण श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल हुए।
भक्त एकादशी के दिन खाटू धाम पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में निशान चढ़ाएंगे। ग्रामीणों ने बताया कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक एकता, अनुशासन और सेवा भावना का भी संदेश देती है। यात्रा मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए जरूरतमंदों की सहायता और स्वच्छता का भी संकल्प ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में खाटू श्याम के प्रति गहरी आस्था है और हर वर्ष फाल्गुन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। कैरोडी की यह तृतीय पदयात्रा भी गांव की धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भक्ति और भाईचारे का संदेश दे रही है।



