कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नए पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने सोमवार प्रातः 10 बजे पूतली रोड स्थित जिला पुलिस मुख्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। एसपी कार्यालय पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और पुलिस टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने सतवीर सिंह को कार्यभार सौंपते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में जारी 64 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में सतवीर सिंह का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक इंटेलीजेंस, पुलिस मुख्यालय जयपुर से कोटपूतली-बहरोड़ जिले में किया गया है। वहीं डीआईजी पद पर पदोन्नत हुए देवेन्द्र कुमार बिश्नोई को जोधपुर स्थित पुलिस आरपीटीसी में उप महानिरीक्षक की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान नीमराणा एएसपी सुरेश कुमार, डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरडक, बहरोड़ डीएसपी सचिन शर्मा, नीमराणा डीएसपी चारूल गुप्ता तथा कोटपूतली एसएचओ राजेश शर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

मूल रूप से झुंझुनूं जिले के निवासी सतवीर सिंह वर्ष 1998 में आरपीएस सेवा में भर्ती हुए थे और वर्ष 2015 में पदोन्नत होकर आईपीएस बने। उन्हें नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोटपूतली खंड) के रूप में कानून व्यवस्था संभालने का व्यापक अनुभव भी रहा है। इसके अलावा वे एएसपी मुख्यालय जयपुर ग्रामीण तथा जिला यातायात शाखा के प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी सतवीर सिंह ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही पुलिसिंग को अनुशासित, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, महिला एवं बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई और थानों की कार्यशैली में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया।
एसपी ने कहा कि कोटपूतली-बहरोड़ सीमावर्ती जिला होने के कारण यहां नाकाबंदी और गश्त व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विश्वास आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, भू-माफियाओं और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही साइबर क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण और अनुसंधान की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसपी सतवीर सिंह ने कहा कि पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए नवगठित जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी।


