पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय एवं अनुदानित छात्रावासों तथा आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसी क्रम में राजकीय अंबेडकर छात्रावास, पावटा में भी 27 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल शुरू कर दिया गया है।

ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी गेंदालाल एवं छात्रावास अधीक्षक शिवकुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए ऑनलाइन प्रणाली लागू की गई है, जिससे अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।”
प्रवेश के लिए कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र होंगे। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।
छात्रावास में चयनित विद्यार्थियों को विभाग की ओर से नि:शुल्क आवास, भोजन, वर्दी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि “छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।”
इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है। विभाग द्वारा अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।



