कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिला पुलिस ने ‘एरिया डोमिनेशन अभियान’ के तहत अपराधियों के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ व्यापक स्तर पर दबिश और तलाशी अभियान चलाया। इस सघन कार्रवाई में 190 स्थानों पर छापेमारी कर कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मच गया।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में 18 अप्रैल 2026 को तड़के 4 बजे से शुरू हुए इस अभियान में 124 पुलिसकर्मियों की 30 अलग-अलग टीमों ने एक साथ जिलेभर में कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर शिकंजा कसना रहा।

पुलिस टीमों ने पूर्व सूचना और सटीक आसूचना के आधार पर संभावित ठिकानों को चिन्हित कर दबिश दी। कोटपूतली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान और नीमराना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींची के निर्देशन में सभी वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों ने समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए अपराधियों को घेरकर गिरफ्तार किया।

अभियान के दौरान 5 हिस्ट्रीशीटर व वांछित अपराधी, 4 आरोपी आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस व आबकारी एक्ट के मामलों में तथा 33 आरोपी अन्य धाराओं में गिरफ्तार किए गए। इस तरह कुल 42 अपराधियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले में अपराधियों में भय का माहौल बन गया है। दबिश के दौरान कई अपराधियों में अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति देखी गई। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य अपराधों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करना है। साथ ही अवैध हथियार, नशे और शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
अभियान की सफलता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी एवं पुलिस टीमों के अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



