प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय प्रागपुरा में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास को विकसित करना रहा। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों से कक्षा 9 से 12 तक के 24 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक विद्यालय से एक छात्र और एक छात्रा को प्रतिभागी के रूप में शामिल किया गया।

प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धर्मवीर जिंदोलिया के मुख्य आतिथ्य तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार मामोडिया की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्थानीय विद्यालय की उपप्रधानाचार्या मनीषा यादव ने बाहर से आए प्रतिभागियों का स्वागत किया। विद्यालय स्टाफ ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।

प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

प्रबल कार्यक्रम के अंतर्गत नाट्य प्रदर्शन, आशु भाषण और सामूहिक चर्चा सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, विचारों और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। नाट्य प्रदर्शन में पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय प्रागपुरा के छात्र ऋषभ कुमावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनका चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। वहीं, आशु भाषण में राजकीय बालिका विद्यालय पावटा की छात्रा जिया तंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तर के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया।

प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
प्रागपुरा में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धर्मवीर जिंदोलिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इस तरह की प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच मिलना आवश्यक है। प्रबल कार्यक्रम उन्हें अपनी रचनात्मक और बौद्धिक क्षमताओं को सामने लाने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम प्रभारी धन्नी यादव ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

समापन अवसर पर जिला स्तर के लिए चयनित विद्यार्थियों को धर्मवीर जिंदोलिया ने प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर व्याख्याता धोलाराम यादव, प्रकाश चंद गुर्जर, रामजीलाल गुर्जर, मुकेश कुमार जाट, निखिल गुप्ता, अरुण कुमार मीना, रजनी बाला योगी, मुकेश कुमार यादव, अरविंद शर्मा, पूनम यादव, कृष्णा यादव, रामजीलाल योगी, धन्नी यादव, उमाशंकर योगी, संजीता कुमारी, रजनी, रामावतार स्वामी और पुष्पा कुमारी सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Author