कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। रविवार को फिट इंडिया और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तर पर “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महानिदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) नई दिल्ली तथा अखिल भारतीय स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के आदेशों की अनुपालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व कोटपूतली डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क ने किया। कार्यक्रम में कोटपूतली थानाधिकारी राजेश कुमार शर्मा एवं महिला थानाधिकारी किशनलाल भी मौजूद रहे।

रविवार सुबह 6:30 बजे राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटपूतली के खेल मैदान में योगा एवं जुम्बा सत्र आयोजित किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों, सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों, पुलिस मित्रों तथा स्थानीय नागरिकों सहित करीब 125 से 150 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसके बाद फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से साइकिल रैली निकाली गई। यह रैली सरदार स्कूल से शुरू होकर अग्रसेन तिराहा, नगर परिषद पार्क और मुख्य पुलिया होते हुए एलबीएस कॉलेज मैदान तक पहुंची। रैली में करीब 60 से 70 साइकिल सवार शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि नियमित व्यायाम, योग और साइकिलिंग स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ फिट रहने की सकारात्मक सोच भी विकसित होती है।