अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी संगठन सृजन अभियान के तहत राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन के बाद कांग्रेस नगर निकाय प्रकोष्ठ की कोटपूतली-बहरोड़ जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष जीवण खां के निर्देश पर जिलाध्यक्ष हनुमान सैनी ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की हैं।

जिला संगठन में 10 जिला उपाध्यक्ष, 20 जिला महासचिव, जिला सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति के साथ ही छह ब्लॉक अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है। नई सूची के अनुसार अशोक शेहरा (कोटपूतली), रोहतास सैनी (पावटा), बुद्धराम यादव (नारायणपुर), बनवारीलाल यादव (बानसूर), राजेश गुर्जर (नीमराना) तथा गिरिराज सैनी (बर्ड़ोद) को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है।

जिला कांग्रेस (नगर निकाय प्रकोष्ठ) के प्रवक्ता वी.के. नवल ने बताया कि संगठन में सक्रिय, अनुभवी और जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंद्राज गुर्जर ने कार्यकारिणी गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संगठन का विस्तार होगा तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
नई नियुक्तियों पर पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाणा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं जिलाध्यक्ष हनुमान सैनी ने बताया कि नवगठित जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शीघ्र आयोजित किया जाएगा।