समाजसेवा, जनहित एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कोटपूतली जिला न्यायालय परिसर से जुड़े अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सतीश निमोरिया को नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान ‘राजीव गांधी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके रचनात्मक कार्यों, सामाजिक सेवाओं, सदाचारी जीवन तथा समाजहित में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति, सद्भाव एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यरत अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के समापन अवसर पर नई दिल्ली में सद्भावना दिवस महोत्सव आयोजित किया गया। समारोह में 25 राष्ट्रों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

एडवोकेट सतीश निमोरिया को यह सम्मान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के राजनीतिक सलाहकार हरपाल रावत, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक एवं विधायक चौधरी रोहताश बेदी, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह, समारोह अध्यक्ष एवं रोमा इंटरनेशनल कंवर्ट विश्वविद्यालय नई दिल्ली के चांसलर डॉ. पी.सी. गणेशिया, नेपाल राष्ट्र के जगतगुरु शिव शक्ति बाबा तथा अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक एवं नेपाल सरकार के प्रथम उपराष्ट्रपति के विशिष्ट सलाहकार डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा एडवोकेट की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

सम्मान मिलने के बाद सतीश निमोरिया ने कहा कि सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की कार्ययोजनाओं की सराहना करते हुए वैश्विक शांति, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे तथा भारत-नेपाल मैत्री के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय योगदान देने की बात कही।
समारोह के दौरान निमोरिया को नेपाल की राजधानी काठमांडू में दिसंबर माह में प्रस्तावित सार्क राष्ट्रों के सांस्कृतिक समन्वय सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए जाने की जानकारी भी दी गई। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने सामाजिक एवं जनसेवी कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर विचार साझा किए।
अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने का उद्देश्य सेवा, सद्भाव, सामाजिक समरसता और वैश्विक भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सतीश निमोरिया के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, अधिवक्ता, चिकित्सक, सांस्कृतिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए समाज एवं राष्ट्रहित में रचनात्मक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

