पावटा-प्रागपुरा नगर पालिका के नए चेयरमैन को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक गतिविधियों पर सोमवार को विराम लगेगा। चेयरमैन पद के लिए राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पावटा में मतदान होगा और मतदान के बाद यहीं मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी करते हुए सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

अनारक्षित महिला पद के लिए भाजपा की ओर से मंजू अग्रवाल पत्नी गोपाल अग्रवाल और कांग्रेस की ओर से मीना सैनी पत्नी अजय सैनी मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने से परिणाम को लेकर क्षेत्र में उत्सुकता बनी हुई है।

इस चुनाव का एक खास पहलू यह भी है कि दोनों प्रत्याशियों के पति गोपाल अग्रवाल और अजय सैनी पूर्व में करीबी मित्र रहे हैं। वहीं स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार दोनों प्रत्याशी पूर्व विधायक एवं कोटपूतली-बहरोड़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्द्रराज गुर्जर के करीबी माने जाते हैं।
ऐसे में दो पुराने मित्रों के परिवारों के बीच आमने-सामने हुआ यह राजनीतिक मुकाबला चर्चा का विषय बना हुआ है। 45 सदस्यीय नगर पालिका में हालिया पार्षद चुनाव में कांग्रेस ने 22 सीटें, भाजपा ने 16 और निर्दलीयों ने 7 सीटें जीती हैं।
चेयरमैन के निर्वाचन के लिए 23 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी 45 निर्वाचित पार्षद अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्र पर सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू होगी और इसके पश्चात नगर पालिका की नई अध्यक्ष का नाम सामने आएगा। चेयरमैन के चुनाव के साथ ही पावटा-प्रागपुरा नगर पालिका में नए बोर्ड के गठन की तस्वीर भी साफ हो जाएगी। शहरवासियों की नजर अब सोमवार को होने वाले मतदान और उसके बाद घोषित होने वाले परिणाम पर टिकी है।