नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन में पावटा क्षेत्र की भी सक्रिय भागीदारी रही। कांग्रेस नेता ओपी बायला के नेतृत्व में पावटा उपखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।

दिल्ली रवाना होने से पहले कार्यकर्ता पावटा में राजमार्ग स्थित होटल ग्रीन पार्क के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं का काफिला दिल्ली के लिए रवाना हुआ। जंतर-मंतर पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया तथा अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां भी दीं।

कांग्रेस जिला सचिव ओपी बायला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखते रहेंगे। पावटा ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र यादव ने भी प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।

जितेन्द्र यादव ने कहा कि पावटा से कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचना कांग्रेस संगठन के प्रति उनकी सक्रियता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

इस अवसर पर करतार सिंह गुढ़ा, विवेक सिंह बड़नगर, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष शैलेन्द्र सैनी, राकेश योगी, मन्नु यादव, लोकेश गोलवा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।