राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ पावटा के तत्वावधान में टोरड़ा गुजरान स्थित भरतदास की बगीची में तृतीय, द्वितीय सोपान एवं निपुण/रोवर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ महंत मंगलदास महाराज ने ध्वजारोहण कर किया। शिविर में करीब 10 विद्यालयों के 85 स्काउटर्स भाग ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि महंत मंगलदास महाराज ने स्काउटर्स को सेवा, संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मविश्वास, साहस, आत्मनिर्भरता और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भाजपा नेता विकाश जांगल मोलहेड़ा ने स्काउट-गाइड विद्यार्थियों को समाज सेवा, देशप्रेम और अनुशासन का महत्व बताया। शिविर संचालक अभय सिंह शेखावत के निर्देशन एवं सह-संचालक प्यारेलाल महला के सहयोग से स्काउटर्स को विभिन्न जीवनोपयोगी कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण में ध्वज शिष्टाचार, रस्सी की उपयोगी गांठें व बंधन, प्राथमिक उपचार, दिशा ज्ञान सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान स्काउटर्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, साहस, आत्मनिर्भरता एवं सेवा-भाव के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्थानीय संघ सचिव भवानी सिंह, हरसहाय गुर्जर, माडूराम यादव, कमल कांत गौड़, इंद्राज सहित पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे। शिविर में विद्यार्थियों में प्रशिक्षण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आगामी सत्रों में भी विभिन्न स्काउटिंग कौशल एवं जीवनोपयोगी गतिविधियों का प्रशिक्षण जारी रहेगा। शिविर का समापन 7 अक्टूबर को होगा।