कोटपूतली क्षेत्र के ग्राम खुर्दी में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सूखे कुएं में करीब 10 फीट नीचे रस्सी के फंदे से लटका 35 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान खुर्दी गांव की बूढ़ा की ढाणी निवासी देशराज गुर्जर के रूप में हुई। वह मंगलवार सुबह से लापता था। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और एफएसएल व एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह एक किसान अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर पास स्थित सूखे कुएं में लटके शव पर पड़ी। उसने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में डीएसपी मदन लाल जैफ भी पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, युवक के गले में पतली रस्सी का फंदा था, जो कुएं में लगे लोहे के एंगल से बंधा हुआ था। ग्रामीणों की सहायता से शव को सावधानीपूर्वक बाहर निकलवाया गया।

परिजनों ने बताया कि देशराज मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से निकला था। सुबह दस बजे तक वापस नहीं आने पर उन्होंने तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। देशराज अपना मोबाइल फोन घर पर ही चार्जिंग में लगाकर छोड़ गया था, जिससे उससे संपर्क नहीं हो सका। परिजनों के अनुसार, उसकी किसी से रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को राजकीय बीडीएम जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को गमगीन माहौल में पैतृक गांव खुर्दी में अंतिम संस्कार किया गया।
देशराज अपने पीछे 10 वर्षीय पुत्री और छह वर्षीय पुत्र को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक छाया हुआ है। डीएसपी मदन लाल जैफ के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।