पावटा पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही केंद्रों पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर चले मतदान के बाद कुल मतदान प्रतिशत 69.88 तक पहुंच गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र के 88,538 पंजीकृत मतदाताओं में से 61,867 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इस चुनाव में महिला और पुरुष मतदाताओं की भागीदारी में मामूली अंतर रहा। कुल 31,098 पुरुषों ने मतदान किया, जबकि वोट डालने वाली महिलाओं की संख्या 30,769 रही। युवा मतदाताओं के साथ बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। बुजुर्गों ने उम्र संबंधी कठिनाइयों के बावजूद मतदान कर दूसरे नागरिकों को भी अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

पिछले पंचायत समिति चुनाव की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2021 में पावटा पंचायत समिति क्षेत्र में 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 69.88 प्रतिशत हो गया। यानी पिछले चुनाव के मुकाबले मतदान प्रतिशत में 9.73 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई।

पावटा उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) बृजेश कुमार के अनुसार मतदान सुबह 7:15 बजे शुरू हुआ। सुबह 10 बजे तक 13,288 मतदाताओं ने वोट डाले। दोपहर 1 बजे तक मतदान करने वालों की संख्या 32,776 हो गई, जबकि दोपहर 3 बजे तक 45,247 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। इस समय मतदान प्रतिशत 51.10 दर्ज किया गया था। इसके बाद भी मतदान जारी रहा और अंतिम उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 61,867 मतदाताओं ने वोट डाले।

मतदान के दौरान कुछ केंद्रों पर ईवीएम मशीनों में तकनीकी दिक्कतें आईं। निर्वाचन टीम ने इन समस्याओं को दूर कर मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखा। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहायता और व्यवस्थाओं के प्रयास किए गए।

प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम के मुताबिक पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 535 पुलिसकर्मियों का जाप्ता तैनात किया गया था। पुलिस ने मतदान केंद्रों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी करवाई गई।