पावटा कस्बे में शनिवार को एसबीआई बैंक के पास विद्युत करंट की चपेट में आने से एक बंदर पोल से नीचे गिरकर घायल हो गया। करंट लगने से बंदर तड़पने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पशुधन निरीक्षक गोविन्द भारद्वाज मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बंदर का उपचार शुरू किया।

भारद्वाज ने बताया कि करंट से बंदर के मुंह और पीठ का हिस्सा झुलस गया था। उन्होंने घायल बंदर के जख्मों की ड्रेसिंग कर उपचार किया। उपचार के बाद बंदर की हालत में सुधार हुआ और वह पास स्थित टीनशेड पर चढ़ गया।

पशुधन निरीक्षक की इस मानवीय पहल और बेजुबान जीव के प्रति संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की। इस दौरान यतीश खोवाल, मोहित शर्मा और ओमप्रकाश सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे और बंदर के उपचार में सहयोग किया।