पावटा की 30 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित

पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत पावटा पंचायत समिति की 30 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना में गांवों की नई सरकार की तस्वीर साफ हो गई। सरपंच पद के परिणामों में कहीं प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला तो कहीं विजेताओं ने बड़े मतांतर से जीत दर्ज की। भूरी भराज में संतरा देवी ने 1443 मतों के विशाल अंतर से जीत हासिल की, जबकि मंडा में जितेन्द्र सिंह 1154 मतों से विजयी रहे। वहीं सुजातनगर में अनीता देवी ने कमला देवी को महज एक वोट से हराकर सबसे करीबी मुकाबलों में जीत दर्ज की।

पावटा की 30 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित
पावटा की 30 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित

चुनाव के दौरान पावटा पंचायत समिति की 30 ग्राम पंचायतों में कुल 88,538 पंजीकृत मतदाताओं में से 72,496 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 81.88 रहा। सुबह 10 बजे तक 15,236 वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 17.21 दर्ज किया गया। दोपहर एक बजे तक 41,337 मतदाता मतदान कर चुके थे, जिससे मतदान प्रतिशत 46.69 हो गया। दोपहर तीन बजे तक 55,307 वोट पड़ने के साथ मतदान प्रतिशत 62.47 पर पहुंच गया। शाम छह बजे मतदान प्रक्रिया पूरी हुई।

पावटा की 30 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित
पावटा की 30 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित

परिणामों के अनुसार पुरुषोत्तमपुरा में महावीर हरिजन 1103 मत प्राप्त कर विजयी हुए। उन्होंने सुरेश कुमार को 800 मतों से हराया। बेरी बांध में रामशरण ने 605 मत प्राप्त कर धर्मपाल गुर्जर को 30 मतों से पराजित किया। सुदरपुरा ढाढा में नीरू कंवर 1101 मतों के साथ विजयी रहीं और सुमित देवी को 90 मतों से हराया। दांतिल में श्रीराम ने 632 मत प्राप्त कर दीपक कुमार वर्मा को 56 मतों से शिकस्त दी। तालवा में मनीषा कुमारी 662 मत लेकर अनारी देवी से 156 मतों से जीतीं।

द्वारिकपुरा में बसंती ने 1098 मत प्राप्त कर प्रेम को 269 मतों से हराया। भैंसलाना में कृष्ण कुमार यादव 1043 मतों के साथ विजयी हुए और राजबीर सिंह को 95 मतों से पराजित किया। भूरी भराज में संतरा देवी को 2424 मत मिले, जबकि ज्योति स्वामी को 981 मत प्राप्त हुए। इस तरह संतरा देवी ने 1443 मतों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की। रामपुरा में चांद बाई ने पूजा गुर्जर को 11 मतों से हराया।

पंडितपुरा में शुभम यादव 708 मत लेकर सुधा शर्मा से 286 मतों से जीते। टसकोला में बुधराम कुम्हार ने 797 मत प्राप्त कर भैरू हुल्डा को 313 मतों से पराजित किया। टोरड़ा गुजरान में मूर्ति ने 590 मत प्राप्त कर बनारसी देवी को 107 मतों से हराया। दुदावास में लालचंद मीणा 705 मतों के साथ विजयी हुए और महक मीणा को 467 मतों से हराया। बुचारा में अमर सिंह ने 844 मत प्राप्त कर राजवीर सिंह को 376 मतों से पराजित किया।

भोनावास में सुरेन्द्र कुमार शर्मा 810 मत लेकर धर्मपाल सिंह से 199 मतों से विजयी हुए। फतेहपुरा खुर्द में कौशल्या देवी ने 712 मत प्राप्त कर विमला देवी गुर्जर को 170 मतों से हराया। ठिकरिया में हेमंत कुमार यादव 602 मतों के साथ विजयी हुए और रामावतार यादव को 273 मतों से पराजित किया। तुलसीपुरा में अनिल कुमार जाट ने 527 मत प्राप्त कर महेश कुमार जाट को 189 मतों से हराया।

वीर तेजाजी नगर में मंजू बाई जाट 919 मत प्राप्त कर सरोज देवी से 261 मतों से जीतीं। टोरड़ा ब्राह्मणान में धर्मेन्द्र जाट ने 848 मत लेकर जयराम जाट को 273 मतों से हराया। पांचूडाला में कृष्ण कुमार 660 मतों के साथ विजयी हुए और धर्मवीर सिंह को 293 मतों से पराजित किया। कारोली में कानी देवी ने 473 मत प्राप्त कर सरोज देवी को 89 मतों से हराया। रेलां में बिमला देवी ने 835 मत लेकर पूजा कंवर को 17 मतों से पराजित किया।

प्रेमनगर में सुनीता देवी 852 मत प्राप्त कर मंजू से 297 मतों से जीतीं। मंडा में जितेन्द्र सिंह ने 1715 मत प्राप्त कर धीरसिंह को 1154 मतों से हराया। कैरौड़ी में रमेश कंवर 1190 मत लेकर सावरी कंवर से 112 मतों से विजयी रहीं। भीवजी में पपीता ने 408 मत प्राप्त कर सोना को 65 मतों से हराया। राजनौता में अशोक कुमार 1174 मतों के साथ विजयी हुए और रामसिंह को 177 मतों से पराजित किया। पाथरेड़ी में अंजू ने 1445 मत प्राप्त कर धोलाराम को 295 मतों से हराया।

चुनाव परिणामों में सुजातनगर का मुकाबला खासा रोचक रहा, जहां अनीता देवी को 546 और कमला देवी को 545 मत मिले। अनीता देवी ने केवल एक वोट से जीत हासिल की। प्रशासन के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए।

Author

Leave a Comment