पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए जयपुर का शैक्षणिक भ्रमण यादगार और ज्ञानवर्धक रहा। विद्यालय के कक्षा 04 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने रीजनल साइंस सेंटर एंड साइंस पार्क पहुंचकर विज्ञान की दुनिया को करीब से देखा और विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से नई जानकारियां हासिल कीं।

प्राचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने बताया कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और खोज की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए इस भ्रमण की योजना बनाई गई थी। इसका उद्देश्य पाठ्यपुस्तकों में पढ़े गए विषयों को वास्तविक मॉडल्स और प्रयोगों के माध्यम से समझने का अवसर देना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्लेनेटेरियम में खगोलीय दुनिया की जानकारी ली। वहीं ट्रैफिक पार्क, डायनासोर गैलरी और भौतिक विज्ञान पर आधारित इंटरैक्टिव मॉडल्स ने उनका विशेष ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने विभिन्न मॉडल्स को देखकर विज्ञान के सिद्धांतों को समझा और उनके प्रति उत्सुकता दिखाई।

उप प्राचार्या मनीषा यादव ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे उनमें विषयों को समझने की क्षमता बढ़ती है और किताबी ज्ञान को व्यवहार में देखने का अवसर मिलता है। उन्होंने भ्रमण को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यालय स्टाफ की सराहना की।

इस दौरान रामजीलाल गुर्जर, मुकेश कुमार जाट, निखिल गुप्ता, गोविंद सिंह, प्रकाश चंद गुर्जर, अरुण कुमार मीना, रजनी बाला योगी, मुकेश कुमार यादव, अरविंद शर्मा, पूनम यादव, कृष्णा यादव, रामजीलाल योगी, धन्नी यादव, उमाशंकर योगी, संजीता कुमारी, रजनी, रामावतार स्वामी एवं पुष्पा कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।