दीपावली पर रोशनी और आतिशबाजी के उत्साह के बीच सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रागपुरा पुलिस एवं पावटा राजकीय उपजिला अस्पताल के अधिकारियों ने आमजन को जागरूक करते हुए त्योहार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी है। प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम, अस्पताल के पीएमओ डॉ. रवि बंसल और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एसके वर्मा ने अलग-अलग पहलुओं पर दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश दिया।

थाना प्रभारी भजनाराम ने कहा कि दीपावली पर घरों और दुकानों को रोशनी से सजाते समय विद्युत सुरक्षा की अनदेखी नहीं करें। झालरें लगाने से पहले तारों एवं प्लग की जांच करें। खराब और कटे हुए तारों का उपयोग आगजनी का कारण बन सकता है। गैस मीटर और पाइपलाइन के आसपास आग जलाने से बचें। उन्होंने त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी नहीं करने की अपील की।

पीएमओ डॉ. रवि बंसल ने पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पटाखे घरों के अंदर, सड़क पर या वाहनों के नजदीक नहीं जलाएं। आतिशबाजी के दौरान बच्चों को अकेला नहीं छोड़ें और पानी तथा रेत की व्यवस्था पहले से रखें। जो पटाखा नहीं चले, उसे दोबारा जलाने के लिए उसके पास नहीं जाएं। पटाखे जलाते समय सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखी गई हैं।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एसके वर्मा ने कहा कि दीपावली पर घरों में दीपक और मोमबत्तियां जलाते समय उन्हें पर्दों, कपड़ों और सजावटी सामान से दूर रखना चाहिए। जलते दीपक को बिना निगरानी के छोड़ना खतरनाक हो सकता है। घर से बाहर जाते समय और रात को सोने से पहले सभी दीपक बुझा दें। उन्होंने छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों को पटाखों के धुएं और तेज आवाज से बचाने की सलाह देते हुए पर्यावरण अनुकूल एवं कम शोर वाले विकल्पों को प्राथमिकता देने की बात कही।

अधिकारियों ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब त्योहार के दौरान सभी लोग सुरक्षित रहें। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर आगजनी, दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सकता है। उन्होंने प्रागपुरा-पावटा नगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों से सुरक्षित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण दीपावली मनाने की अपील की।