दीपावली के अवसर पर पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका क्षेत्र के बाजारों में इस बार रोशनी का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। नगरपालिका की ओर से कस्बे के प्रमुख चौराहों, बाजारों और सड़कों पर करवाई गई विद्युत सजावट ने दीपोत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया है। शाम होते ही रंग-बिरंगी लाइटों और चमकती झालरों से सजे बाजार लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।

प्रागपुरा में पुलिस थाने से लेकर मुख्य बाजार, सुभाष चौक और सीताराम मार्केट तक विद्युत सजावट की गई है। वहीं पावटा कस्बे में केशव सागर धर्मशाला के सामने स्थित सुभाष चौक, होली चौक, घंटाघर, अनाज मंडी और प्रमुख बाजारों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। सड़कों के ऊपर की गई सजावट से बाजारों को एक नया और व्यवस्थित स्वरूप मिला है। अब तक सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी व्यापक सजावट देखने को नहीं मिलती थी।

गौरतलब है कि पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका का गठन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था। हाल में संपन्न नगरपालिका चुनावों के बाद गठित कांग्रेस बोर्ड की यह पहली दीपावली है। इस अवसर पर नगरपालिका ने सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता बढ़ाने की पहल की है।

नगरपालिका अध्यक्ष मीना देवी एवं पालिका प्रतिनिधि व कांग्रेस जिला महासचिव अजय सैनी के मार्गदर्शन में सजावट की योजना तैयार की गई। अधिशासी अधिकारी फतेह सिंह के निर्देशन और निगरानी में इसे धरातल पर उतारा गया। रोशनी से जगमगाते बाजारों में शाम के समय लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। खरीदारी के लिए आने वाले लोग आकर्षक सजावट का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
व्यापारियों का मानना है कि बाजारों की सुंदरता बढ़ने से ग्राहकों का उत्साह भी बढ़ा है। स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार पर सार्वजनिक स्थानों को सजाने से पूरे कस्बे में सकारात्मक माहौल बना है।
लोगों ने यह भी अपेक्षा जताई कि नगरपालिका इसी तरह नियमित सफाई, बेहतर सड़क व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर ध्यान दे, जिससे कस्बे की सुंदरता और रौनक पूरे वर्ष बनी रहे।