पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत पावटा पंचायत समिति में प्रधान पद के बाद अब उप प्रधान पद पर भी कांग्रेस ने निर्विरोध निर्वाचन दर्ज कराया है। राजनौता ग्राम निवासी एवं पंचायत समिति के वार्ड संख्या 18 से निर्वाचित सदस्य शिवानी कंवर को निर्विरोध उप प्रधान चुना गया। भाजपा सहित किसी भी अन्य सदस्य की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया में मुकाबले की स्थिति नहीं बनी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप प्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया आयोजित की गई। कांग्रेस की ओर से शिवानी कंवर ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया, जबकि भाजपा की ओर से किसी भी सदस्य ने प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल नहीं किया। निर्धारित समय सीमा तक दूसरा नामांकन नहीं आने पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई और शिवानी कंवर को निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार चौधरी की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान तहसीलदार लोकेन्द्र कुमार मीणा, चुनाव शाखा प्रभारी सत्यदेव यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर, नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रामनिवास यादव, पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अजय सैनी, नवनिर्वाचित प्रधान पायल यादव, कांग्रेस जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र गोयल, पार्षद रिजवान कुरैशी, पार्षद गणेश सैनी सहित जगदीश मीणा, जितेन्द्र यादव, दशरथ यादव, राजेश गुर्जर, राजीव ढेहरवाल और महेश स्वामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व पावटा पंचायत समिति के प्रधान पद पर मण्ढा की ढाणी रड़ा निवासी पायल यादव पत्नी विजय कुमार यादव निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने वार्ड संख्या 17 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए 2080 मत प्राप्त किए थे और भाजपा की अंजू कंवर को 457 मतों से पराजित किया था। अब उप प्रधान पद पर शिवानी कंवर के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही पंचायत समिति के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस का नेतृत्व स्थापित हुआ है।