कोटपूतली कस्बे में बुजुर्ग हलवाई बोदनराम सैनी की हत्या के मामले में कोटपूतली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में हेमंत मीणा उर्फ छोटा डॉन (25) निवासी बूचाहेड़ा, कोटपूतली को गिरफ्तार किया है। 23 नवंबर की रात नागाजी की गौर जाने वाले रास्ते पर शराब के ठेके के पास हुई इस वारदात के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार 23 नवंबर 2026 की रात सूचना मिली कि नागाजी की गौर जाने वाले रास्ते पर शराब के ठेके के पास एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना पर गश्त अधिकारी मौके पर पहुंचे तो शराब ठेके के पास बने खोखे के पीछे एक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे तत्काल राजकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आईटीआई के पीछे मोहल्ला बड़ा बास निवासी बोदनराम सैनी पुत्र देवीसहाय (65) के रूप में हुई। वह पेशे से हलवाई का काम करते थे।

घटना के अगले दिन 24 नवंबर को मृतक के परिजनों ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्रकरण संख्या 596/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के निर्देशन तथा वृताधिकारी मदनलाल जैफ के सुपरविजन में कोटपूतली थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही वारदात के प्रत्येक पहलू की जांच करते हुए आसूचना संकलित की गई। पुलिस ने जांच के आधार पर हत्या की वारदात में शामिल आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 28 नवंबर को हेमंत मीणा उर्फ छोटा डॉन को दस्तयाब किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ और आगे का अनुसंधान जारी है।
विशेष टीम में थानाधिकारी कृष्ण कुमार, उपनिरीक्षक बलराम, सहायक उपनिरीक्षक शमशेर सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मपाल तथा कांस्टेबल जितेंद्र, कृष्ण कुमार, वीरेंद्र कुमार, अजय, अशोक, दयाराम, बाबूलाल और हवासिंह शामिल रहे।