कोटपूतली में कार की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोश में विधायक निवास के समीप धरना

परिजनों का आरोप : नगर परिषद के एक अधिकारी की है कार, प्रशासन नहीं कर रहा सुनवाई

कोटपूतली में कार की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत

न्यूज़ चक्र। कोटपूतली। क्षेत्र के उपली कोठी में विधायक हंसराज पटेल के आवास के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची दिव्यांशी की मौत के बाद लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हादसे को लेकर अब यह बात सामने आ रही है कि बच्ची को टक्कर मारने और उसकी जान लेने वाली कार एक अधिकारी की बताई जा रही है। इस जानकारी के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि कार के स्वामित्व को लेकर आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

घटना के बाद से ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी से जुड़े वाहन से हुए इस हादसे में जिम्मेदारी तय कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने का प्रयास किया। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है।

फिलहाल पुलिस वाहन और चालक से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि करने के साथ मामले की जांच में जुटी है। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं क्षेत्रवासियों की नजर अब पुलिस की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।

परिजनों को नहीं मिली अभी ‘बच्ची की डेड बॉडी’

हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल बच्ची को कोटपूतली के बीडीएम जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, हालांकि हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने घायल मासूम को जयपुर रैफर कर दिया था। जानकारी के अनुसार जयपुर एसएमएस अस्पताल में मासूम दिव्यांशी की मौत हो गई। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार डेड बॉडी का पोस्टमार्टम नहीं होने के चलते देर शाम तक डेड बॉडी नहीं मिल पाई है। जिसके चलते परिजनों में आक्रोश है, परिजनों ने प्रशासन पर नगर परिषद अधिकारी से मिली भगत का आरोप लगाया है।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।

Leave a Comment