ग्राम टोरडा ब्राह्मणन में मंगलवार रात एक परिवार पर उस समय मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा, जब अज्ञात कारणों से विक्रम बुनकर के कच्चे मकान में आग लग गई। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और मकान में रखा घरेलू सामान, खाद्यान्न तथा पशुओं के लिए जमा किया गया चारा जलकर नष्ट हो गया। आगजनी में एक मोटरसाइकिल, एक साइकिल और गेहूं की आठ बोरियां भी राख हो गईं।

आग की लपटें दिखाई देने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण मकान में रखा काफी सामान इसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बुधवार सुबह सरपंच धर्मेंद्र डबास, ग्राम विकास अधिकारी कुंदन प्रजापत और पटवारी महेश कुमार स्वामी सहित ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक कार्मिकों ने मौके का निरीक्षण कर आगजनी से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
सरपंच धर्मेंद्र डबास ने उपखंड अधिकारी से पीड़ित परिवार को हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन करवाने और उचित सरकारी आर्थिक सहायता व मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आगजनी में परिवार का घरेलू सामान, अनाज और पशुओं का चारा नष्ट होने से उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए राहत उपलब्ध करवानी चाहिए।