रघुनाथपुरा क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की वर्षों पुरानी मांग अब सरकार के स्तर तक पहुंच गई है। ग्राम रघुनाथपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करवाने के लिए राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद के.सी. त्यागी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। इस पहल से क्षेत्रवासियों में स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन की उम्मीद जगी है।

जानकारी के अनुसार अग्रवाल सेवा समिति रघुनाथपुरा के अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार अग्रवाल ने 4 नवंबर को नई दिल्ली प्रवास के दौरान के.सी. त्यागी के निजी सचिव अनिल त्यागी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। इसमें रघुनाथपुरा पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने की आवश्यकता और क्षेत्र की चिकित्सा संबंधी समस्याओं का उल्लेख किया गया था। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए के.सी. त्यागी ने 12 नवंबर को मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया तथा दिनेश कुमार अग्रवाल के प्रार्थना पत्र को संलग्न करते हुए स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन की सिफारिश की।

मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में बताया गया कि रघुनाथपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना वर्ष 1962 में तत्कालीन विधायक मुक्तिलाल मोदी के प्रयासों से भामाशाह सेठ गोविंदराम परिवार द्वारा करवाई गई थी। स्थापना के समय क्षेत्र की आबादी और चिकित्सा आवश्यकताएं सीमित थीं, लेकिन बीते छह दशकों में जनसंख्या के साथ मरीजों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र की प्रतिदिन की ओपीडी 150 से 200 मरीजों तक पहुंच चुकी है। सीमित संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं के बीच इतनी बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार करना स्वास्थ्य केंद्र के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। ऐसे में इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करना समय की प्रमुख आवश्यकता बन गया है।
रघुनाथपुरा पीएचसी की भौगोलिक स्थिति भी इसे बेहद महत्वपूर्ण बनाती है। यह केंद्र दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के नजदीक स्थित है तथा इसके आसपास 20 से अधिक गांवों और अनेक ढाणियों की आबादी निर्भर है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने में इस केंद्र की अहम भूमिका रहती है।
ज्ञापन में बताया गया कि आसपास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए कोटपूतली या पावटा जाना पड़ता है। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में देरी होती है, वहीं ग्रामीण परिवारों को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।
एडवोकेट दिनेश कुमार अग्रवाल ने मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया जाए। इसके साथ ही यहां फिजिशियन, सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ चिकित्सक, पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ और आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वास्थ्य केंद्र के पास क्रमोन्नयन के लिए पर्याप्त भवन और भूमि उपलब्ध है। ऐसे में आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जा सकता है।
रघुनाथपुरा पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करवाने के लिए के.सी. त्यागी द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखे जाने के बाद क्षेत्र में इस मांग को लेकर नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि सरकार इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करती है तो रघुनाथपुरा सहित आसपास के 20 से अधिक गांवों और ढाणियों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें राज्य सरकार के आगामी निर्णय पर टिकी हैं।