न्यूज़ चक्र। [Kotputli news] दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित होटल हाईवे प्रिंस में करीब एक दर्जन बदमाशों ने हमला कर जमकर उत्पात मचाया। बदमाश जबरन होटल में घुसे और स्टॉफ के साथ मारपीट करते हुए पूरे होटल में तोड़फोड़ की।
इस दौरान बदमाश होटल के काउंटर से करीब 2 से ढाई लाख रुपये की नकदी भी लूटकर ले गए। घटना अल सुबह 4:00 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बीती रात होटल में कमरा लेने की बात को लेकर विवाद सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इतना ही नहीं, होटल में आए ग्राहकों की करीब आधा दर्जन गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया और उनमें तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए हमले से होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर सरूण्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और होटल का जायजा लेकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों और हमले में शामिल लोगों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
